धमकी मामले के आरोपित तृणमूल विधायक दिलीप मंडल नदारद, पुत्र अर्घ्य सहित पांच गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 18, 2026
कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के समय विपक्षी भाजपा के खिलाफ धमकी भरी टिप्पणी करने के आरोपों में घिरे विष्णुपुर से तृणमूल कांग्रेस विधायक दिलीप मंडल की तलाश में जुटी पुलिस ने अब उनके पुत्र अर्घ्य मंडल सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अर्घ्य मंडल को आग्नेयास्त्र के साथ पकड़ा गया है। उन पर इलाके में अशांति फैलाने का भी आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात विधायक के पुत्र की तलाश में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स और डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान बकखाली-फ्रेजरगंज इलाके से अर्घ्य मंडल सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर से विधायक दिलीप मंडल का एक वीडियो हाल ही में सामाजिक माध्यमों पर वायरल हुआ था। आरोप है कि वीडियो में उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी दी थी। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इस मामले को लेकर विधायक के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
इसी शिकायत के आधार पर गुरुवार सुबह पुलिस ने विधायक दिलीप मंडल के आवास पर छापेमारी की थी। हालांकि उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस के साथ केंद्रीय बल के जवान भी विधायक के घर पहुंचे थे। कई घंटे तक चले अभियान के बाद अधिकारी शाम करीब 4 बजे वहां से लौटे।
सूत्रों के अनुसार, पैलान क्षेत्र में विधायक के दो मकान हैं, जिनमें पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। बताया गया है कि इनमें से एक आवास काफी बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है। परिसर में स्विमिंग पूल, उद्यान और विभिन्न सजावटी मूर्तियां मौजूद हैं। घर की साज-सज्जा किसी रिसॉर्ट जैसी बताई जा रही है।

