पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
दरभंगा, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले में बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के धरौड़ा–दरभंगा मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के चौगमा गांव निवासी घूरन साफी के पुत्र कुणाल साफी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कुणाल साफी अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धरौड़ा–दरभंगा मुख्य मार्ग पर एक ईंट-भट्ठे के समीप उनकी स्कूटी असंतुलित हो गई। तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अनुमंडल अस्पताल, बेनीपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन तथा क्षतिग्रस्त स्कूटी को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
---------------

