असम विधानसभा सभागार में दो दिवसीय युव भारतीय संसद-2026 गुवाहाटी संस्करण का शुभारंभ

असम विधानसभा के सभागार में आयोजित युव भारतीय संसद 2026 की तस्वीर

गुवाहाटी, 03 जुलाई (हि.स.)। असम विधानसभा के केंद्रीय सभागार में शुक्रवार से दो दिवसीय 'युव भारतीय संसद 2026' (यंग इंडियंस पार्लियामेंट 2026) के असम संस्करण का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. रणोज पेगु ने किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को संसदीय लोकतंत्र, नेतृत्व, शासन व्यवस्था, सार्वजनिक नीति और कानून निर्माण की प्रक्रिया से परिचित कराना तथा उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना है।

यह कार्यक्रम असम राज्य शैक्षणिक परिषद, असम राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एएसएसईबी) और भारतीय उद्योग संघ (सीआईआई) के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में शिक्षा मंत्री डॉ. पेगु ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए मेधावी विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

उन्हाेंने कहा कि भारत के छात्रों और युवाओं के बीच संसदीय लोकतंत्र, नेतृत्व की क्षमता, तर्कपूर्ण सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की मानसिकता बनाने के मामले में 'यूथ संसद' एक अनोखी पहल है। पिछले दो सालों में इस मंच ने युवा पीढ़ी को संसदीय प्रक्रिया, नीति-निर्धारण, कानून बनाने और सार्वभौमिक मुद्दों पर तर्कसंगत चर्चा करने का बहुमूल्य अवसर देने के साथ-साथ भविष्य के स्वस्थ लोकतांत्रिक माहौल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

दो दिवसीय इस आयोजन में असम के 33 जिलों के 71 स्कूलों से चयनित 170 प्रतिभाशाली विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इन छात्रों का चयन जिला स्तर पर एक हजार से अधिक प्रतिभागियों में से किया गया है। कार्यक्रम के अंत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 25 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की 'युव भारतीय संसद' में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार, 'युव भारतीय संसद' युवाओं में संसदीय परंपराओं की समझ, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। पिछले दो वर्षों में यह मंच छात्रों को नीति-निर्माण, कानून बनाने की प्रक्रिया और समसामयिक मुद्दों पर सार्थक बहस का अवसर प्रदान कर चुका है।

कार्यक्रम का समापन शनिवार को होगा, जिसमें असम विधानसभा के अध्यक्ष रंजीत कुमार दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह में एएसएसईबी के अध्यक्ष आरसी जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

-------------------

   

सम्बंधित खबर