मक्रांग चाय बागान में मिला छात्र का शव

गोलाघाट (असम), 14 जून (हि.स.)। गोलाघाट जिलांतर्गत मक्रांग चाय बागान क्षेत्र में रविवार सुबह एक छात्र का शव मिला। मृत छात्र की पहचान लोनपुरिया गांव के अचिन्त्य राजखोवा के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने मक्रांग चाय बागान के बीचोंबीच एक पुराने डस्टबिन में अचिन्त्य राजखोवा का शव देखा। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू की। मृत अचिन्त्य राजखोवा फोरकटिंग जूनियर कॉलेज का छात्र बताया गया है।

लोगों ने बताया है कि मृत छात्र लोनपुरिया गांव के बिमान राजखोवा और चम्पा राजखोवा का इकलौता पुत्र था। इस बीच, इस घटना के कारण इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना है। छात्र की मौत कैसे हुई, यह प्राकृतिक मृत्यु थी, हादसा था या कोई अपराध की वजह से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। गोलाघाट पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति पर नजर रख रहे हैं। पोस्टमार्टम और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही छात्र की मौत के पीछे का सच सामने आ पाएगा। पुलिस ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। -------------------

   

सम्बंधित खबर