जयपुर, 06 जून (हि.स.)। कालवाड़ थाना पुलिस ने साइबर अपराध के नाम पर लोगों को धमकाकर रुपए मांगने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस अधिकारी, साइबर क्राइम अधिकारी और जिला कलेक्टर की फर्जी आईडी बनाकर लोगों को झूठे साइबर अपराध मामलों में फंसाने की धमकी देता था तथा उनसे रुपए की मांग करता था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि कालवाड़ थाना पुलिस ने साइबर अपराध के नाम पर लोगों को धमकाकर रुपए मांगने वाले एक शातिर आरोपित प्रवीण (32) निवासी सूरजगढ़ जिला झुंझुनूं कालवाड़ जयपुर को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित पुलिस अधिकारी, जिला कलेक्टर और साइबर क्राइम अधिकारियों की विभिन्न फर्जी आईडी बनाकर लोगों को झूठे साइबर अपराध मामलों में फंसाने की धमकी देता था तथा उनसे रुपये ऐंठने का प्रयास करता था। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।
कालवाड़ थानाधिकारी सुरेश सिंह पुनिया ने बताया कि 4 जून को परिवादी राहुल योगी पुत्र सुरेश कुमार योगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 मई से उसके पास प्रवीण नामक व्यक्ति के फोन आ रहे थे। आरोपित स्वयं को साइबर क्राइम ब्रांच जयपुर का अधिकारी बताता था और साइबर क्राइम विभाग की फर्जी आईडी दिखाकर विश्वास में लेता था। उसने परिवादी के परिचित राकेश कुमार से 2 जून को 400 रुपए ट्रांजेक्शन के जरिए पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर ले लिए।
इसके बाद आरोपित ने राहुल योगी को कथित साइबर क्राइम सूची दिखाकर कहा कि उसका नाम सूची में है। नाम हटाने के बदले करीब 18 हजार रुपये की मांग की गई। वहीं उसके परिचित राकेश कुमार से 60 हजार रुपये देने के लिए कहा गया। रकम नहीं देने पर साइबर फ्रॉड के मामले में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर कालवाड़ थाने में मामला दर्ज कर कर आरोपित को धर—दबोचा।
---------------

