राज्यपाल ने डिमा हसाओ स्वायत्त परिषद को सौंपे रेडियो सेट और मेगाफोन

राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य की डिमा हसाओ दौरे से संबंधित तस्वीर।

डिमा हसाओ (असम), 14 फरवरी (हि.स.)। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने अपने दो दिवसीय डिमा हसाओ जिले के दौरे के समापन अवसर पर आज डिमा हसाओ स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य देबोलाल गार्लोसा को राज्यपाल असम अमृत सरोवर सद्भावना संगत प्रोत्साहन योजना के तहत रेडियो सेट और मेगाफोन सौंपे। इस अवसर पर परिषद के प्रमुख सचिव और जिले के आपायुक्त भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि इस योजना की शुरुआत अमृत सरोवरों को जनसहभागिता के केंद्र में बदलने और राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में समुदाय की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए की गई थी।

अपने दौरे के दौरान, राज्यपाल ने सामाजिक संगठनों, आध्यात्मिक संस्थानों—जैसे इस्कॉन, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी, रामकृष्ण मिशन और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने समाज के कल्याण में सक्रिय योगदान देकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन दूसरों को खुशियां देने का अवसर है और सामाजिक प्रगति के लिए किए गए सार्थक प्रयास समाज के सकारात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राज्यपाल ने डिमा हसाओ की प्राकृतिक सुंदरता और इसकी सांस्कृतिक समृद्धि की सराहना करते हुए कहा कि जिले की एकता और विविधता ने इसे विशिष्ट बना दिया है। उन्होंने यहां के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को समावेशिता और आपसी सम्मान का बेहतरीन उदाहरण बताया।

भारत की गहरी आध्यात्मिक परंपराओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि असम भी इसमें पीछे नहीं है और आध्यात्मिकता जीवन की जटिलताओं का समाधान प्रदान कर सकती है। उन्होंने डिमा हसाओ और असम में मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये उत्सव समुदायों को जोड़ते हैं और सांस्कृतिक गर्व के साथ-साथ प्रगतिशील सोच को भी मजबूत करते हैं।

राज्यपाल ने बरो हाफलोंग स्थित सिबाराई हाडिंग शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में एक पौधा भी रोपा। इसके अलावा, स्थानीय कलाकारों द्वारा जिले की जीवंत संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए एक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर