अमृत भारत स्टेशन : पूसीरे ने माजबाट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य किया पूरा
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
गुवाहाटी, 03 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर क्षेत्र में उच्च स्तरीय यात्री सुविधाएं और आधुनिक रेल अवसंरचना प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) 12 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के तहत माजबाट रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कर रहा है। माजबाट, इस रेलवे जोन में एबीएसएस के तहत पुनर्विकास के लिए चिह्नित 92 स्टेशनों में से एक है, जिनमें असम के 50 स्टेशनों सहित पूरे पूर्वोत्तर में 60 स्टेशन शामिल हैं। यह स्टेशन पूसीरे के रंगिया मंडल के अधीन है और असम के उदालगुड़ी जिले के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का उद्देश्य स्टेशन की क्षेत्रीय पहचान को संरक्षित करने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा, पहुंच और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रमुख सिविल, इलेक्ट्रिकल और सिग्नलिंग कार्यों के सफलतापूर्वक पूर्ण होने से माजबाट स्टेशन के बुनियादी ढांचे में व्यापक परिवर्तन आया है। अपग्रेडेड अग्रभाग, विशाल प्रवेश मार्ग, बेहतर प्रतीक्षालय, सौंदर्यीकृत परिवेश, बड़ा सर्कुलेटिंग एरिया, नए शौचालय ब्लॉक, बेहतर पहुंच मार्ग व जल निकासी प्रणालियां, प्लेटफॉर्म शेल्टरों और अन्य यात्री-केंद्रित बुनियादी ढांचे के साथ स्टेशन अब एक आधुनिक और सौंदर्य की दृष्टि से उन्नत स्वरूप प्रस्तुत करता है।
यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने और पूरी लंबी ट्रेनों के ठहराव के लिए प्लेटफॉर्म संख्या एक का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही, सभी यात्रियों की सुरक्षित और आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए टैक्टाइल पेविंग, दिव्यांग-अनुकूल पेयजल बूथ और दो लिफ्ट की सुविधा भी प्रदान की गई है। इस पुनर्विकास से आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, वातानुकूलित प्रतीक्षा सुविधाओं, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, बेहतर प्लेटफॉर्म वायरिंग और रोशनमय पहुंच मार्गों सहित उन्नत विद्युत अवसंरचना के माध्यम से यात्री सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। इसके अतिरिक्त, कोच गाइडेंस बोर्ड (सीजीबी)और ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड (टीआईबी) के चालू होने से यात्री सूचना प्रणाली और परिचालन दक्षता में और अधिक वृद्धि हुई है। परिणामस्वरूप माजबाट स्टेशन अब यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्णतः सुसज्जित है।
माजबाट स्टेशन का पुनर्विकास आधुनिक, सुरक्षित और समावेशी बुनियादी ढांचे के माध्यम से यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के प्रति पूसीरे की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरी तरह से संचालित होने के बाद, यह अपग्रेडेड स्टेशन बेहतर सुविधा, दिव्यांगजन यात्रियों के लिए सुलभ पहुंच और बेहतर परिचालन दक्षता प्रदान करेगा। इसके साथ ही, यह असम और पूरे पूर्वोत्तर में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करते हुए क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करेगा।
---------------

