50 लाख की संपत्ति अटैच, नशा तस्कर पंकज पर कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- Neha Gupta
- Jun 27, 2026

कठुआ, 27 जून । जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए जिला कठुआ के बिलावर क्षेत्र में कुख्यात नशा तस्कर पंकज की करीब 50 लाख की अचल संपत्ति को अटैच कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पंकज पुत्र देव राज निवासी पल्लन तहसील बिलावर जिला कठुआ की एक मंजिला रिहायशी मकान को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किया गया है। यह संपत्ति जांच के दौरान अवैध रूप से अर्जित पाई गई जिसे मादक पदार्थों की तस्करी से हासिल किया गया था। यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा (आईपीएस) के निर्देशन में एसपी ऑप्स, एसडीपीओ बिलावर और एसएचओ बिलावर की देखरेख में की गई।
राजस्व विभाग की मौजूदगी में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68 ए (2)(सी) 68 ई और 68 एफ के तहत संपत्ति को औपचारिक रूप से अटैच किया। जांच में सामने आया कि पंकज लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं जिनमें वर्ष 2022, 2023 और 2025 के एनडीपीएस एक्ट के केस शामिल हैं। इसके अलावा, आरोपी वर्तमान में पीआईटी एनडीपीएस के तहत जिला जेल उधमपुर में निरुद्ध है।
---------------

