लूणी विधानसभा क्षेत्र में चार अटल प्रगति पथ की मिली स्वीकृति
- Admin Admin
- Jul 01, 2025

जोधपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। बजट वर्ष 2024-25 और 2025-26 की घोषणा के अनुरूप विधानसभा क्षेत्र लूणी में 15.5 करोड रुपए की 10.70 किमी लंबाई के चार अटल प्रगति पथ के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के सडक़ तंत्र का सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने बजट में सडक़ तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन के लिए 7 हजार 690 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है। प्राथमिकता के आधार पर क्रमिक रूप से क्षेत्र की सभी सडक़ों का निर्माण करवाया जा रहा है। चरणबद्ध रूप से 5 हजार से अधिक आबादी वाले ग्रामीण कस्बों में अटल प्रगति पथ का निर्माण करवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के चतुर्थ चरण के तहत प्रदेश में लगभग 1600 बसावटों को चरणबद्ध रूप से आगामी 2 वर्षों में डामर सडक़ों से जोड़ा जाएगा।
यहां अटल प्रगति पथ को मिली स्वीकृति
- केरू में चुतरपुरी महादेव मंदिर बाग बेरा से आदर्श विद्या मन्दिर स्कूल तक अटल प्रगति पथ का निर्माण कार्य (1.70 किमी) लागत राशि 2 करोड़ रुपए।
- पाल में पाल पशु मेला सडक़ से राजकीय विद्यालय तक अटल प्रगति पथ का निर्माण कार्य (3 किमी) लागत राशि 4.50 करोड़ रुपए।
- सांगरिया में सिपियों की प्याऊ से पाली रोड़ तक अटल प्रगति पथ का निर्माण कार्य (3 किमी) लागत राशि 4.50 करोड़ रुपए।
- नांदडी में धापी मार्बल से श्रीयादे नगर तक अटल प्रगति पथ का निर्माण कार्य (3 किमी) लागत राशि 4.50 करोड़ रुपए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश