जमीन घोटाले में गिरफ्तारी की आशंका, अतिन घोष ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में लगाई अग्रिम जमानत याचिका
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
कोलकाता, 30 जून (हि. स.)। कथित जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तारी की आशंका के बीच कोलकाता के पूर्व डिप्टी मेयर अतिन घोष ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है। याचिका पर न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष की अदालत ने सुनवाई के लिए मामले को स्वीकार कर लिया है और इसकी सुनवाई अगले सप्ताह होने की संभावना है।
इस मामले में जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी और अवैध लेनदेन के आरोपों की जांच के तहत पुलिस पहले ही अतिन घोष और उनकी बेटी प्रियदर्शिनी घोष को पूछताछ के लिए तलब कर चुकी है। इसके बाद गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उन्होंने अदालत का रुख किया।
शिकायतकर्ता, जो एक होटल व्यवसायी बताए जा रहे हैं, का आरोप है कि उनसे दबाव डालकर उनकी जमीन और घर कम कीमत पर हथिया लिए गए और लगभग 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि इस पूरे मामले में अतिन घोष के साथ उनकी बेटी और दामाद भी शामिल हैं। पहले यह शिकायत प्रगति मैदान थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसे बाद में बिधाननगर उत्तर थाने को स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस द्वारा जांच शुरू किए जाने और संबंधित पक्षों को तलब किए जाने के बाद अतिन घोष ने अग्रिम जमानत के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। उनके वकील ने अदालत से शीघ्र सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि इस मामले में उनके मुवक्किल और उनके परिवार को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।
अतिन घोष ने दावा किया है कि वह जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह शिकायतकर्ता को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते और उनकी बेटी ने संबंधित पक्ष से संपत्ति खरीदी थी। उन्होंने यह भी कहा कि अपने लगभग 50 वर्ष के राजनीतिक जीवन में उनके खिलाफ कभी किसी प्रकार के भ्रष्टाचार का आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वह जांच में हर संभव सहयोग करेंगे।

