महिला दरोगा को कार से कुचलने का प्रयास करने वाला गिरफ्तार

हल्द्वानी , 12 मई (हि.स.)। शहर में तिकोनिया में 10 मई की रात को महिला पुलिस उप निरीक्षक व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में व्यवधान डालने वाले युवक को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया चलाए जा रहा है। 10 मई की रात्रि को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम क्षेत्रांतर्गत गश्त और वाहन चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थी। चेकिंग के दौरान तिकोनिया स्थित ‘कबाड़ी कबाब’ की दुकान के पास एक संदिग्ध कार जिस पर काली फिल्म लगी हुई थी, को रोका गया।वाहन के चालान की प्रक्रिया के दौरान एक कार चालक ने पुलिस कर्मियों के साथ अत्यधिक अभद्रता की।

आरोपित ने ड्यूटी पर तैनात लोकसेवकों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और ‘वर्दी उतरवा देने’ की धमकी दी। इसके पश्चात, आरोपित पुलिस के आदेशों की अवहेलना करते हुए मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।ड्यूटी पर तैनात उप-निरीक्षक आरती की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में आरोपित के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।

कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलीजेंस के अधार पर फरार आरोपित लवजीत सिंह को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त वाहन कार संख्या- यूके 18 बी 1989)को भी पुलिस कब्ज़े में ले लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपित लवजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी ग्राम भवान सिंह नवाड, लालकुआं का रहने वाला है, एसएसपी नैनीताल का यह सख्त संदेश है कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी या लोकसेवक के साथ अभद्रता या सरकारी कार्य में व्यवधान डालने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।

   

सम्बंधित खबर