नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में युवक मदर डेयरी फ्लाईओवर पर पड़ा मिला, जिसे राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। युवक की पहचान गणेश नगर निवासी मोहित तिवारी (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 1:45 बजे सूचना मिली थी कि मदर डेयरी फ्लाईओवर पर एक युवक को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही शकरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून बिखरा मिला, लेकिन घायल युवक वहां मौजूद नहीं था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घायल को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्रीत विहार स्थित एक अन्य निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे एंबुलेंस से एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कॉलर अंकित शंकर ने बताया कि वह देर रात सड़क से गुजर रहा था, तभी उसने एक युवक को खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा देखा। उसने बिना देर किए युवक को उठाकर अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल के स्वजन को घटना की जानकारी दे दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहित तिवारी परिवार के साथ पांडव नगर के गणेश नगर इलाके में रहता है और एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कुछ संदिग्ध युवक कैमरों में दिखाई दिए हैं, जिनके आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस मोहित की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच कर रही है, ताकि हमले के कारणों और आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------------

