औरंगजेब कभी इस देश का नायक नहीं हो सकता : बृजेश सिंह

राज्यमंत्री बोले, छत्रपति शिवाजी, महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान, रानी लक्ष्मीबाई, वीर अब्दुल हमीद, अशफ़ाक उल्ला इस देश के नायक

मुरादाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। औरंगजेब कभी इस देश का नायक नहीं हो सकता। हमारे देश के नायक छत्रपति शिवाजी, महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान, रानी लक्ष्मीबाई, वीर अब्दुल हमीद, अशफ़ाक उल्ला जैसे महापुरुष हैं। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहीं।

मुरादाबाद जनपद की कुंदरकी विधानसभा से भाजपा विधायक रामवीर सिंह ठाकुर ने सोमवार को दिल्ली लखनऊ हाईवे पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बृजेश सिंह का भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत अभिनंदन किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार कुंदरकी विधानसभा की जनता ने उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को आइना दिखाया है। ऐसे ही पुनः आईना वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरे प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को फिर से दिखाएगी। भाजपा कुंदरकी और देवबंद जैसी विधानसभा जीत सकती है पूरा प्रदेश जीत सकती है।

बृजेश सिंह ने वक्फ अधिनियम बिल पर कहा कि हमारी सरकार संसद में इस बिल को लेकर आई है, यह पारित भी अवश्य होगा। जिस सम्पत्ति को वक्फ अपना बताता है, वह यदि हमारी है तो हम लेकर रहेंगे। भारत की सम्पत्ति को कुछ चुनिंदा नेता अपना बता रहे हैं यह नहीं चलेगा। यह देश कभी भी शरियत से नहीं चलेगा, यह देश बाबा साहब के संविधान के अनुसार चलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

   

सम्बंधित खबर