जोधपुर, 17 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने परिचालन कारणों से जोधपुर मंडल से जुड़ी कई ट्रेनों के संचालन में अस्थाई बदलाव किया है। बीस से 22 मई तक की अवधि में जहां 4 ट्रेनें पूरी तरह रद्द, 2 आंशिक रद्द और 1-1 ट्रेन मार्ग परिवर्तित व रेगुलेट रहेंगी।
जोधपुर के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार भगत की कोठी-लूनी रेलखंड पर भगत की कोठी-बासनी-सालावास स्टेशनों के मध्य ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग कार्य के चलते लिए जाने वाले ब्लॉक के कारण 3 दिनों तक आठ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस कार्य के कारण 14821 जोधपुर-साबरमती 20 और 21 मई को, 14822 साबरमती-जोधपुर 21 और 22 मई को, 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर 21 मई और 74840 बाड़मेर-भगत की कोठी 22 मई को रद्द रहेगी। वहीं 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी 21 मई को बाड़मेर से चलकर सिर्फ लूनी तक जाएगी। लूनी-भगत की कोठी के बीच रद्द रहेगी। इसी तरह 14893 भगत की कोठी-बाड़मेर 21 मई को भगत की कोठी की बजाय लूनी से चलेगी। भगत की कोठी-लूनी के बीच रद्द रहेगी।
15014 काठगोदाम-जैसलमेर 20 मई को बदले रूट फुलेरा-डेगाना-मेड़ता रोड-जोधपुर होकर जाएगी। मकराना, डेगाना व मेड़ता रोड स्टेशनों पर रुकेगी। इसी तरह 18 मई को ऋषिकेश से रवाना होने वाली 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर ट्रेन बीकानेर-जोधपुर के बीच 2 घंटे 30 मिनट रेगुलेट रहेगी।

