बलरामपुर : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ा उछाल, बलरामपुर में राशनिंग लागू
- DSS Admin
- May 15, 2026

बलरामपुर, 15 मई (हि.स.)। देशभर में शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में भी साफ दिखाई देने लगा है। जिले में पेट्रोल के दाम में 3.14 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि के बाद इसकी कीमत 105.23 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 98.22 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। बढ़ी हुई कीमतों के साथ-साथ जिले में ईंधन की कमी ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
स्थिति यह है कि नगर के अधिकांश पेट्रोल पंपों में अब राशनिंग जैसी व्यवस्था लागू कर दी गई है। मोटरसाइकिल चालकों को केवल 200 रुपये तक का पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि पेट्रोल कारों में अधिकतम 1000 रुपये और डीजल वाहनों में 2000 रुपये तक का ही ईंधन भरा जा रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सीमित मात्रा में सप्लाई मिलने के कारण यह व्यवस्था करनी पड़ रही है, ताकि पंप पूरी तरह ड्राई न हो जाए और सभी लोगों को थोड़ा-बहुत ईंधन मिल सके।
शुक्रवार सुबह रामानुजगंज स्थित पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने पहुंची अनीता गुप्ता ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पहले ही पेट्रोल सीमित मात्रा में मिल रहा है और अब कीमत भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले लोगों के लिए 200 रुपये का पेट्रोल पर्याप्त नहीं है। कई पेट्रोल पंपों में तो पेट्रोल उपलब्ध भी नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
वहीं इस संबंध में पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप के संचालक पुरूषोतम टेकाम ने बताया कि ऊपर से ही कम मात्रा में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है। इसी वजह से कटौती करते हुए सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाइक में 200 रुपये, पेट्रोल कार में 1000 रुपये और डीजल वाहनों में 2000 रुपये तक का ही ईंधन दिया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि यह व्यवस्था नहीं की जाए तो पेट्रोल पंप जल्द ही पूरी तरह खाली हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे से नई दरें लागू कर दी गई हैं, जिसके बाद पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में लगभग 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।
उल्लेखनीय है कि, ईंधन की कीमतों में अचानक हुई इस बढ़ोतरी और सीमित उपलब्धता ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर रोजाना आवागमन करने वाले नौकरीपेशा, छोटे व्यवसायी और परिवहन से जुड़े लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। जिले में यदि जल्द पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
---------------

