बाराबनी में तरल विस्फोटक से भरा टैंकर पलटा, बड़ी दुर्घटना टली

पश्चिम बर्दवान, 06 जून (हि. स.)। आसनसोल के पानुरिया ग्राम पंचायत के मोलडांगा इलाके में शनिवार तड़के लिक्विड विस्फोटक (तरल बारूद) से भरा एक टैंकर पलटने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते पुलिस और प्रशासन की सक्रियता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे लगभग नौ टन तरल विस्फोटक लेकर एक टैंकर बीरभूम से झारखंड की ओर जा रहा था। मोलडांगा के पास सामने चल रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद टैंकर सड़क किनारे पलट गया।

घटना की सूचना पाकर बाराबनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। पुलिस ने तत्काल आवश्यक कदम उठाकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में क्रेन की सहायता से पलटे हुए टैंकर को सीधा किया गया।

इस हादसे में टैंकर चालक और खलासी पूरी तरह सुरक्षित रहे। किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में लगभग एक टन विस्फोटक नष्ट हो गया।

विस्फोटक से भरे टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि टैंकर में कोई विस्फोट नहीं हुआ और स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर