देवरिया, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की गंडक नदी में बीते दिनों मिले युवक के शव और हत्या के मामले में भाटपाररानी थाना पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में दोस्तों ने युवक की हत्या कर शव छिपाने के उदृेश्य से नदी में फेंक दिया था।
पुलिस लाइन के प्रेक्षागृह में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भाटपाररानी क्षेत्र में हुए युवक की हत्या का खुलासा कर दिया है। एसपी ने बताया कि 30 मई को ग्रामसभा मालीबारी के सवरेजी पुल के पास गंडक नदी में एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त बड़का गांव निवासी 22 वर्षीय सुशील साहनी के रूप में हुई।
पुलिस ने 31 मई को मृतक के भाई संदीप साहनी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। छानबीन के दौरान पुलिस ने चार आरोपित दीपक गौड़, कमल अंसारी, नईम अंसारी और आशिक अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारते हुए बताया कि 28 मई को सुशील साहनी को लेकर हम सभी धरमखोर दूबे गांव गये, जहां शराब पीने के दौरान विवाद हो गया। इसी विवाद में हम लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से कोईलहा बाबा मंदिर के पास नदी में उसके शव काे फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।-----------------

