बारासात : तृणमूल का पार्टी कार्यालय लौटाकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिया शांति का संदेश
- DSS Admin
- May 08, 2026
कोलकाता, 08 मई (हि.स.)। राजनीतिक तनाव के माहौल के बीच उत्तर 24 परगना जिलान्तर्गत बारासात नगर पालिका के 16 नंबर वार्ड स्थित विधान मार्केट इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। भाजपा नेतृत्व ने तृणमूल कांग्रेस की पार्षद नीलिमा मंडल को पार्टी कार्यालय वापस सौंप दिया।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को बारासात भाजपा के जिलाध्यक्ष स्वयं मौके पर पहुंचे और पार्टी कार्यालय तृणमूल के प्रतिनिधियों को वापस सौंप दिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि बारासात शहर में किसी भी तृणमूल पार्टी कार्यालय पर जबरन कब्जा नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक माहौल बनाए रखने के पक्ष में है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने ऐसे मामलों में शामिल कार्यकर्ताओं और समर्थकों को चेतावनी भी दी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस कदम के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव कुछ हद तक कम हुआ है।
चुनाव परिणाम आने के बाद कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर तृणमूल के पार्टी कार्यालय पर कब्जा कर वहां भाजपा के झंडे और फेस्टून लगा दिए थे। इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक तनाव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

