झाड़ग्राम में बारिश के बीच धूमधाम से मनाया गया हूल दिवस, भारती घोष रहीं मौजूद
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
झाड़ग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। झाड़ग्राम जिले के दहिजुड़ी क्षेत्र स्थित कुमिरकाता गांव में मंगलवार देर शाम को ऐतिहासिक हूल दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
रोसिका महल क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लगातार बारिश और खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में संताल समुदाय के महिला-पुरुषों ने हिस्सा लिया।
आदिवासी संस्कृति, परंपरा और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा की केंद्रीय प्रवक्ता भारती घोष उपस्थित रहीं। इसके अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर शहीद सिद्धू और कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए भारती घोष ने कहा कि हूल दिवस भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत का प्रतीक है। वर्ष 1855 में सिद्धू-कान्हू ने ब्रिटिश शासन, अत्याचार और शोषण के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका था, जो देश के इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है।
उन्होंने कहा कि जब पूरे देश में संगठित आंदोलन शुरू नहीं हुआ था, तब संथाल समाज के इन दो वीरों ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष का रास्ता चुना। अपनी जमीन, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए उनका बलिदान आज भी लोगों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
भारती घोष ने कहा कि सिद्धू-कान्हू का बलिदान केवल संथाल समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उनके संघर्ष और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
तेज बारिश के बावजूद संथाल समुदाय के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य, गीत और श्रद्धांजलि के माध्यम से वीर शहीदों को याद किया।
---------------

