सूरजपुर : बीट व्यवस्था मजबूत करने पुलिस की कार्यशाला आयोजित

सूरजपुर, 29 जून (हि.स.)। जिले में पुलिस की बीट व्यवस्था को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों ने बीट प्रभारियों को जनता से बेहतर संवाद, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

आज साेमवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार सूरजपुर जिले में थाना और चौकी स्तर की बीट व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 27 जून को जिला पंचायत सभाकक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी पुलिस अधिकारी और बीट प्रभारी शामिल हुए। जिले के 22 थाना-चौकी क्षेत्रों के 558 गांवों के लिए बनाई गई 70 बीटों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई और उन्हें अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।

डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि बीट प्रणाली पुलिस व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने बीट प्रभारियों को नियमित रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण करने, आम लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना बीट प्रणाली का प्रमुख उद्देश्य है।

अधिकारियों ने सभी बीट प्रभारियों के नाम और मोबाइल नंबर के पोस्टर गांवों और वार्डों में लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोग अपनी शिकायत और सूचना सीधे पुलिस तक पहुंचा सकें। साथ ही शिकायतकर्ताओं की बात नम्रता से सुनने और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यशाला में बीट प्रभारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। उन्हें अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी अपडेट रखने, नियमित भ्रमण करने तथा उसकी रिपोर्ट प्रतिदिन थाना प्रभारी को सौंपने के निर्देश दिए गए। बीट बुक का हर माह संबंधित एसडीओपी द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।

महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और हाट-बाजारों में महिलाओं को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर