धमतरी : 13 परीक्षा केंद्रों में हुई बीएड व प्री बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
धमतरी, 11 जून (हि.स.)। परीक्षा केंद्रों में गुरुवार को प्री बीएड एवं प्री बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कड़ाई से जांच की गई। व्यापमं के निर्देशानुसार गहरे रंग के कपड़े, फुल आस्तीन की शर्ट, बेल्ट, जूते, घड़ी एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री पहनकर पहुंचे अभ्यर्थियों को केंद्र के बाहर ही रोक दिया गया। निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया।
जानकारी के अनुसार जिले के आठ केंद्रों में आयोजित प्री बीएड प्रवेश परीक्षा में 2649 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2045 उपस्थित रहे, जबकि 604 अनुपस्थित थे। वहीं पांच केंद्रों में आयोजित प्री बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 1127 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 875 ने परीक्षा दी, जबकि 252 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जांच के दौरान कुछ महिला अभ्यर्थियों को कान की बालियां भी उतारनी पड़ीं। वहीं मूल पहचान पत्र साथ नहीं लाने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली। सुबह 9.30 बजे के बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया गया। कुछ मिनट की देरी से पहुंचे अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिला। अभ्यर्थियों ने समन्वयक केंद्र प्रभारी एवं प्राचार्य डा. विनोद कुमार पाठक से प्रवेश की गुहार लगाई, लेकिन व्यापमं के नियमों के चलते उन्हें अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा के प्रश्नपत्र में कथन-कारण आधारित प्रश्नों की संख्या अधिक थी। एक प्रश्न को हल करने में तीन से चार मिनट तक का समय लग रहा था, जिससे प्रश्नों को हल करने समय कम पड़ गया। प्रश्नपत्र में सामान्य अध्ययन, शिक्षण अभिरुचि, हिंदी, अंग्रेजी एवं मानसिक योग्यता से जुड़े प्रश्न पूछे गए थे। इनमें शिक्षक का विद्यार्थियों के प्रति व्यवहार, 2026 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने वाला शहर, भारत में सकल घरेलू उत्पाद की गणना करने वाली संस्था, वंदेमातरम का अंग्रेजी अनुवाद करने वाले व्यक्ति जैसे प्रश्न शामिल थे।

