बर्नपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया बाबा लोकनाथ का तिरोधान दिवस
- DSS Admin
- Jun 03, 2026

पश्चिम बर्दवान, 03 जून (हि. स.)। बर्नपुर के बाटा मोड़ स्थित बाबा लोकनाथ बाबा समिति की ओर से बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ बाबा लोकनाथ का 136वां तिरोधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं भोग वितरण का आयोजन किया गया। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा लोकनाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
समिति की सदस्य राखी मुखर्जी ने कहा कि वर्तमान समय में शहर में कई प्रकार की अप्रिय घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इन परिस्थितियों में भी बाबा लोकनाथ की पूजा-अर्चना अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि भक्तों ने बाबा से समाज में शांति, सद्भाव और सुख-समृद्धि की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सेल-आईएसपी द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नौजवान क्लब के ढांचे को भी ध्वस्त कर दिया गया था, जिससे क्लब के सदस्यों में कुछ निराशा का माहौल था। इसके बावजूद क्लब और समिति के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ बाबा लोकनाथ के तिरोधान दिवस का आयोजन किया और यह संदेश दिया कि आस्था और भक्ति किसी भी विपरीत परिस्थिति से बड़ी होती है।
कार्यक्रम में उत्पल सेन, बोबाइ हाजरा, मदन हाजरा, पंकज झा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
---------------

