35 हजार रुपये से अधिक नकदी, 10 बाइक और 6 मोबाइल जब्त
जांजगीर-चांपा, 3 जून (हि.स.)। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम बर्रा में जुआ खेल रहे 8 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35,510 रुपये नकद, 10 मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिले भर में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 2 जून 2026 की देर शाम नवागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बर्रा क्षेत्र में छापेमारी की और मौके से 8 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेलने में प्रयुक्त नकदी राशि 35,510 रुपये, 10 मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन तथा ताश की पत्तियां बरामद कर जब्त कीं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पुनीराम बजारे निवासी केरा, कमल चंद्रा निवासी चिकनीडीह (जिला सारंगढ़), मानिक राम यादव निवासी खरौद (थाना शिवरीनारायण), कमलेश्वर साहू निवासी बिर्रा, जितेंद्र कुर्रे निवासी कोडाभाट (थाना पामगढ़), रामलाल रत्नाकर निवासी खपरीडीह (थाना नवागढ़), गोरेलाल साहू निवासी ससहा (थाना पामगढ़) तथा शिवकुमार कश्यप निवासी कोसला (थाना पामगढ़) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

