भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता का करता है निर्माण : मनीष शुक्ल

--राष्ट्र प्रथम व 2027 के विजय संकल्प लेकर प्रशिक्षण वर्ग से विदा हुए कार्यकर्ता

प्रयागराज, 18 मई (हि.स)। भाजपा प्रयागराज महानगर के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन सोमवार को हुआ। कैंटोनमेंट पैलेस में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग से कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम व 2027 के विजय का संकल्प लेकर विदा हुए।

समापन सत्र में बतौर मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी मनीष शुक्ल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करने के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क की रणनीति अपनानी होगी। भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता का निर्माण करता है। प्रशिक्षण की ताकत से भाजपा आज इस मुकाम पर पहुंची है। भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया। प्रशिक्षण वर्ग में हम जो सीखते हैं संगठनात्मक के साथ जीवन में भी वो हमारे काम आता है। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना को लेकर कार्य करता है।

मीडिया व सोशल मीडिया प्रबंधन पर बोलते हुए मनीष शुक्ल ने कहा कि आज सोशल मीडिया एआई के जरिए अफवाह बहुत तेजी से फैलती है। इसका सदुपयोग है तो दुरूपयोग भी। सोशल मीडिया पर हमें कोई भी विषय पोस्ट करने के पहले सोचना चाहिए, खासतौर पर पोस्ट को शेयर करते समय। विपक्ष इसी दुरूपयोग का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास करता है, जिसका उत्तर हम भाजपा कार्यकर्ताओं को सजगता से देना होगा। भाजपा का कार्यकर्ता बूथ पर डटकर संगठन के लिए कार्य करता है।

अध्यक्षीय उद्बोधन करते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग व परिश्रम के बिना ये आयोजन संभव नहीं था। कार्यकर्ता संगठन की ताकत हैं। मां भारती व संगठन की सेवा का प्रण लेकर हम इस प्रशिक्षण वर्ग से विदा लें और समाज में तथा कार्यकर्ताओं के बीच जाकर अपने अनुभवों को बांटे। जितने भी सत्र संचालित किए गए हैं उन सभी सत्रों में हमें कुछ न कुछ सीखने को मिला। संगठन सर्वाेपरि की भावना को लेकर हमें 2027 के रंग में उतरना है।

भाजपा मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में दो दिनों में कुल 11 सत्र संचालित किए गए। पहले दिन रविवार को 6 व दूसरे दिन सोमवार को 5 सत्र विभिन्न वक्ताओं द्वारा सम्बोधित किए गए। प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन विचार परिवार, भाजपा का इतिहास एवं विकास, मीडिया प्रबंधन एवं सोशल मीडिया (एआई) जैसे विषयों पर सत्र संचालित किए गए। समापन सत्र में कार्यकर्ता विकास विषय पर चर्चा की गई। भाजपा प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, अमरनाथ यादव, राम रक्षा त्रिपाठी ने वक्ता के रूप में सत्रों को सम्बोधित किया।

प्रशिक्षण वर्ग का संचालन महानगर महामंत्री डॉ शैलेश पांडेय ने किया। महानगर अध्यक्ष ने कार्यक्रम आयोजन व्यवस्था टीम में लगे कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री कविता यादव त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, आनंद श्रीवास्तव, विक्रम भदौरिया, रमेश पासी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, सुजीत कुशवाहा, रवींद्र गांधी, शुभम सिंह, निर्दाेष सिंह गोलू, मयंक दुबे, हरीश पासवान, संदीप यादव, अनिल गोस्वामी, रोहित विश्वकर्मा, अजय राय आदि प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने वाले कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर