भाजपा कानपुर दक्षिण की मासिक बैठक संपन्न, कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर पहुंचाने का आह्वान
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
कानपुर, 14 जून (हि.स.)। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ें और विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप दें। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, कानपुर नगर सांसद रमेश अवस्थी, किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी तथा विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रकाश पाल ने बताया कि 14 जून से 16 जून तक प्रत्येक जिले के सभी ब्लॉकों एवं मंडलों में कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 17 जून को आयोजित विकसित भारत संकल्प प्रबुद्ध सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं तथा प्रबुद्धजनों का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रकाश पाल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि कार्यकर्ता प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के उत्पादों को प्राथमिकता दें तथा अन्य किसानों को भी इस दिशा में प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि 18 जून को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती विषयक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें कृषि विशेषज्ञ और किसान भाग लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिवराम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से समाज के सभी वर्गों में सकारात्मक परिवर्तन आया है। आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, शशांक मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, पवन दीक्षित, ममता राजपूत, वंदना गुप्ता, बी.एल. पांडे, विक्रम पंडित, मधु तिवारी, पप्पू पंडित, हरि जीवन, एल.बी. सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

