जांच के बाद छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
झांसी, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित रक्सा थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष के साथ करीब 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई सीओ सदर की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
ग्राम डागरवाह के गणेशगढ़ निवासी रविशंकर राजपूत, जो भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं, ने दो माह पहले पुलिस उप महानिरीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि रक्सा निवासी संजय गुप्ता, बदनपुर निवासी पुष्पेंद्र ठाकुर, सिविल लाइन निवासी पवन अग्रवाल, बबीना क्षेत्र के सफा निवासी राहुल यादव तथा दो अज्ञात लोगों ने मिलकर उन्हें सस्ती कीमत में कीमती जमीन दिलाने का झांसा दिया।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने रविशंकर की मुलाकात ग्राम सफा निवासी बताए गए एक व्यक्ति “वीरन” से कराई और बताया कि वह अपनी जमीन बेचना चाहता है। 31 अक्टूबर 2025 को जमीन का सौदा 31 लाख रुपये में तय हुआ। आरोप है कि सौदा तय होने पर रविशंकर ने दो लाख रुपये नकद दिए, जिसके बाद तहसील में 100 रुपये के स्टांप पर एग्रीमेंट भी किया गया। शेष रकम रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी।
रविशंकर का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने पैसों की जरूरत बताकर उनसे 18 लाख रुपये और ले लिए। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि जिस व्यक्ति को “वीरन” बताकर उनके सामने पेश किया गया था, वह असली जमीन मालिक नहीं था। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत आईजी से की।
आईजी के निर्देश पर सीओ सदर ने मामले की जांच की। जांच में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर रक्सा थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी उदय प्रताप ने रविवार काे बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में विवेचना प्रचलित है।
---------------

