अंडाल एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, बांकुड़ा रवाना;
- DSS Admin
- Jun 30, 2026

पश्चिम बर्दवान, 30 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार सुबह विशेष विमान से अंडाल एयरपोर्ट पहुंचे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के स्वागत के लिए पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, विधायक चंद्रशेखर बनर्जी के साथ जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम तथा पुलिस आयुक्त डॉ प्रणव कुमार समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एयरपोर्ट पहुंचे। नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय नेताओं के साथ कुछ समय बिताया तथा संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर चर्चा की। इस दौरान आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी विचार-विमर्श होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अंडाल से बांकुड़ा के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम के तहत उन्होंने बांकुड़ा जिले में आयोजित हूल दिवस समारोह में भाग लिया। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया और कई स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई थीं।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए अंडाल एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद रहीं। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य के विकास और संगठन को मजबूत करने की बात दोहराई।
---------------

