भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नितिन नबीन को पंकज चौधरी ने दी बधाई
- Admin Admin
- Jan 20, 2026
लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नितिन नबीन को बधाई एवं शुभकामनायें दीं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राजधानी नई दिल्ली में पार्टी के केन्द्रीय मुख्यालय पर आयोजित संगठन पर्व कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रदेश मुख्यालय से दी गयी जानकारी में बताया गया कि पंकज चौधरी ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भेंट कर पदभार संभालने पर शुभकामनायें देते हुए कहा कि आपके दूरदर्शी नेतृत्व, कुशल मार्गदर्शन, समृद्ध संगठनात्मक अनुभव एवं कार्यकर्ताओं से निरन्तर संवाद के माध्यम से पार्टी को नई ऊर्जा, स्पष्ट दिशा और संगठनात्मक मजबूती प्राप्त होगी।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुभकामनायें देते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नितिन नबीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। आपका संगठनात्मक कौशल, अथक परिश्रम और पार्टी की विचारधारा के प्रति आपकी प्रतिबद्धता संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आपका कार्यकाल पार्टी और राष्ट्र सेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने की मंगलकामना है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन



