पंजाब कांग्रेस में चल रही खींचतान पर भाजपा ने कहा, खेमों में बंटी पार्टी
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में अंदरुनी खींचतान के बीच भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) ने इसे लेकर तंज कंसा है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस आज टुकड़ों में बंट गई है।
भाजपा महासचिव तरुण चुग ने शनिवार को प्रेस बयान में कहा कि कांग्रेस में आपसी कलह चरम पर है। जो पार्टी खुद को राष्ट्रीय पार्टी कहती है, वह अब राजनीतिक कार्यकर्ताओं से नहीं बल्कि जाति आधारित गुटों से चल रही है। इसके नेता सिर्फ हाईकमान को खुश करने में लगे रहते हैं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने खुद मीडिया के सामने कहा है कि आज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जाति के आधार पर दरकिनार किया जा रहा है। इसीलिए कांग्रेस वर्गों, क्षेत्रों और जातियों में बंटी हुई पार्टी बन गई है।
उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने अलग-अलग समितियों का गठन किया है। चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी को बनाया गया है। वहीं, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रताप सिंह बाजवा को नेता प्रतिपक्ष के पद पर बरकरार रखा गया है।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने चमकौर साहिब में अपने समर्थक नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद चन्नी गुट के नेताओं ने साफ कहा कि वे अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर स्वीकार नहीं करते।
---------------

