सियासी हैसियत बचाए रखने भूपेश झूठ-पर-झूठ बोलने के कांग्रेसी 'टूलकिट एजेंडे' पर काम कर रहे : भाजपा
- DSS Admin
- May 15, 2026
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने का तीखा पलटवार : बघेल का बयान कांग्रेसी-नैरेटिव का हिस्सा है
रायपुर 15 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भिलाई में दिए गए बयान पर आज शुक्रवार काे तीखा प्रहार कर कहा है कि सत्ता जाने के बाद बघेल अपनी सियासी हैसियत बचाए रखने के लिए झूठ-पर-झूठ बोलने के कांग्रेसी 'टूलकिट एजेंडे' पर काम कर रहे हैं। प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन जनता के बीच भ्रम और भय पैदा करना कांग्रेस की फितरत बन चुकी है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठोकने ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भण्डारण मौजूद है। सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू है। बघेल केवल राजनीतिक रोटियाँ सेंकने के लिए कतारों और किल्लत का काल्पनिक डर दिखा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार 'सुशासन' के संकल्प के साथ काम कर रही है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल द्वारा कोरोना काल की तुलना किए जाने पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता ठोकने ने कहा कि बघेल को कोरोना काल के दौरान किए गए अपने 'मनमाना आचरण' को याद करना चाहिए जब पूरा प्रदेश महामारी से जूझ रहा था और वे अपनी राजनीति चमकाने संवैधानिक, राजनीतिक और सामाजिक मर्यादाओं व कोरोना गाइडलाइन को तार-तार करके प्रदेशभर में शराब की कोचियागिरी को बढ़ावा देने में मशगूल थे। जब केंद्र सरकार मदद भेज रही थी, तब बघेल सरकार ने वैक्सीन पर राजनीति की और प्रदेश की जनता को अधर में लटका दिया था। ठोकने ने कहा कि 'नमस्ते ट्रम्प' का उल्लेख करने वाले बघेल शायद भूल गए हैं कि उनकी ही सरकार ने संक्रमण फैलने के शुरुआती दिनों में कोई ठोस कदम नहीं उठाए थे, बल्कि छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का चारागाह बना दिया था।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठोकने ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों और नीतिगत निर्णयों पर बघेल की टिप्पणी को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ा रहे हैं, तब बघेल जैसे नेता अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के कारण देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। बघेल का यह बयान दरअसल कांग्रेस के उस नैरेटिव का हिस्सा है, जिसका मंसूबा सुशासन की राह में बाधा डालना और जनता को भयभीत व उद्वेलित कर अराजकता फैलाना है। हार की हताशा में कांग्रेस अब अफवाहों का सहारा ले रही है। छत्तीसगढ़ की जनता बघेल के पाँच साल के कुशासन और झूठ की राजनीति को देख चुकी है। अब वे चाहे कितना भी झूठ बोल लें, प्रदेश की जागरूक जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है। भाजपा सरकार सुशासन के माध्यम से प्रदेश की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------

