भाजपा समर्थक ने 11 वर्षों बाद खोली अपनी दुकान, तृणमूल के मंत्री ने बंद करने के दिए थे आदेश
- DSS Admin
- May 14, 2026
कोलकाता, 14 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ कई नए बदलाव सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बड़ा बदलाव सामने आया। आसनसोल के चेलीडंगाल इलाके में लगभग 11 वर्षों से बंद एक दुकान गुरुवार को फिर से खोल दिया गया।
इस संबंध में दुकान के मालिक दीपक कुमार मधुकर ने बताया कि यह दुकान वर्ष 1994 से यहां संचालित हो रही थी। शुरुआत में यहां ऑटो पार्ट्स की दुकान थी, जिसके बाद इसे पीसीओ बूथ में बदल दिया गया था। मधुकर ने आरोप लगाया कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थक हैं और उनकी दुकान पर भाजपा के कुछ नेता आकर बैठा करते थे। इसी बात को लेकर उन्हें एक दिन मलय घटक, जो पूर्व मंत्री और आसनसोल उत्तर के विधायक हैं, का फोन आया।
उनके अनुसार, मलय घटक ने आपत्ति जताई कि उनकी दुकान पर भाजपा के नेता क्यों आते हैं और कथित रूप से दुकान बंद कराने की धमकी दी। इस पर दीपक कुमार ने कहा कि यह उनकी निजी दुकान है और वे भाजपा समर्थक हैं, ऐसे में यदि पार्टी के लोग वहां आते हैं तो इसमें आपत्ति की कोई बात नहीं होनी चाहिए।
दीपक कुमार का दावा है कि इसके बाद दबाव बनाकर उनकी दुकान बंद करवा दी गई थी। अब, जब राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ है, तो उन्होंने दोबारा अपनी दुकान खोलने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दुकान बंद रहने के दौरान वहां से कई सामान चोरी हो गए। यहां तक कि उनके नाम पर लगा बिजली का मीटर भी गायब हो गया है।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में अन्य पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
---------------

