भास्कर न्यूज | लुधियाना थाना सदर पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सागर और पारस के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, हवलदार रजिंदर सिंह पुलिस पार्टी और तफ्तीशी किट के साथ 29 जून को गश्त के संबंध में स्टेशन रोड, पिंड गिल रिंग रोड सिटी से होते हुए आदर्श कॉलोनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक सुनसान और खाली बे आबाद प्लॉट में दो संदिग्ध नौजवान खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए शक के आधार पर घेराबंदी की और दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। चेकिंग करने पर आरोपी सागर और पारस के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सदर में एफआईआर दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

