चुनाव हाईजैक करने की कोशिश कर रही सुक्खू सरकार : राजीव बिंदल
- DSS Admin
- May 22, 2026
शिमला, 22 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है।
बिंदल ने शुक्रवार को कहा कि हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के बाद कांग्रेस सरकार “बौखला गई” है और अब चुनावों के नियम बदलकर जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव से पहले नए नियम और नोटिफिकेशन लाने की तैयारी की जा रही है, जो लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ है।
भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के बीच नियमों में बदलाव करना जनता के अधिकारों पर हमला है। उनके मुताबिक, कांग्रेस सरकार चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने, डराने और धनबल के इस्तेमाल के जरिए अपने पक्ष में माहौल तैयार करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता बचाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि इस तरह के कदमों से जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों और कामकाज से नाराज है। उन्होंने दावा किया कि लोग बदलाव का मन बना चुके हैं और भाजपा लोकतंत्र तथा जनादेश की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चुनाव प्रक्रिया से छेड़छाड़ करने या जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश हुई तो भाजपा सड़कों से लेकर विधानसभा तक आंदोलन करेगी।
---------------

