भाजपा केवल राजनीतिक नहीं बल्कि एक सामाजिक दल है : अनुराग शर्मा

भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन

झांसी, 19 मई (हि.स.)। झांसी में भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन पैरामेडिकल कॉलेज में हुआ। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस का शुभारंभ भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत, क्षेत्रीय मंत्री संजीव उपाध्याय तथा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया, संगठन विस्तार, विचार परिवार, वैचारिक अधिष्ठान, बूथ प्रबंधन और भाजपा के इतिहास पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे और हर्ष द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया और जनसंपर्क के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। वहीं वर्ग प्रभारी मदन मोहन पाण्डेय ने व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए कार्यालय संचालन, डाटा प्रबंधन और भाषण कला पर मार्गदर्शन किया।

समापन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक नहीं बल्कि एक सामाजिक दल है, जो समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नमो एप पर सक्रिय रहने की अपील करते हुए कहा कि इससे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लगातार मिलती रहती है।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने आतंकवाद, ड्रग माफिया और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया है। उन्होंने महिला आरक्षण को महिलाओं का अधिकार बताते हुए कहा कि भाजपा इसे लागू कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में महापौर बिहारी लाल आर्य, एमएलसी रमा निरंजन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर