भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने किया हंगामा
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
गाजियाबाद, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के मोदीनगर में मंगलवार को आयोजित विकसित भारत सम्मेलन में भाजपा की महिला नेता पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष द्वारा अमर्यादित टिप्पणी करने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आलम यह था कि क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया के सामने ही भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए नारेबाजी की और मंच के सामने धरने पर बैठ गई। महिला नेत्री पर टिप्पणी करने वाले भाजपा जिला उपाध्यक्ष को पार्टी से निष्कासित करने की मांग को लेकर महिला कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया के सामने जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
इसके बाद मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने महिलाओं को कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से मंगलवार को दिल्ली मेरठ मार्ग पर मोदीनगर थाने के सामने एक फार्म हाउस में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन हुआ। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने की। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया थे। दोपहर करीब सवा बजे क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बोलना शुरू किया तो दर्जन भर से अधिक बीजेपी की कार्यकर्ता महिलाएं नारेबाजी करते हुए के मंच के पास पहुंच गईं, और मंच के सामने बैठ गई। उनका कहना था कि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल ने महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष के व्हाट्सअप पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। इसके बाद भी अभी तक उन्हें पार्टी से नहीं निकाला गया। हंगामा बढ़ता देखकर सिसोदिया ने भाषण रोका और हंगामा कर रही महिलाओं से शांति बनाए रखने की अपील की। इसी बीच मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच महिलाओं के बीच पहुंचीं और उन्हें शांत कराया। करीब दो बजे महिलाएं वहां से चली गईं।
भाजपा के नेताओं के अनुसार बीजेपी के महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष के व्हाट्सअप पर पांच मई को जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल ने अशोभनीय मैसेज भेजे थे। इसे लेकर भाजपा नेताओं ने मोदीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर हंगामा किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला नेत्री ने इस मामले की शिकायत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से की है।
इस बाबत भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) सत्येंद्र सिसोदिया ने बताया कि जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल को कार्यमुक्त किया गया है। यदि किसी पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी को कोई शिकायत है तो पार्टी प्लेटफार्म पर बात रखनी चाहिए। इस तरह अपनी बात रखना गलत है। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हंगामा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित महिला नेता ने कहा कि जिला उपाध्यक्ष ने मेरे व्हाटसऐप पर आपत्तिजनक मैसेज भेज थे। मोदीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी अभी तक आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
---------------

