उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध बने ब्लाक प्रमुख

जालौन, 21 अगस्त (हि.स.)। जनपद में माधौगढ़ विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख चिंतामन दोहरे के निधन के बाद खाली हुए पद के लिए उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। चिंतामन दोहरे के पुत्र मोहित दोहरे को निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुन लिया गया है। उनके खिलाफ किसी भी क्षेत्र पंचायत सदस्य द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। जिसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुना।

माधौगढ़ विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख चिंतामन दोहरे का कुछ माह पहले निधन हाे गया था। जिसके बाद ब्लॉक प्रमुख का पद खाली हो गया था। उनके स्थान पर क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल शाक्य को कार्यवाहक ब्लॉक प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी दी गई थी। चिंतामन दोहरे के निधन से रिक्त हुई हरौली क्षेत्र पंचायत सीट पर बीते दिनों चुनाव संपन्न हुआ था। जिसमें चिंतामन के पुत्र मोहित दोहरे को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था। जो उपचुनाव में भारी मतों से जीते थे, जिसके बाद माधौगढ़ ब्लॉक प्रमुख के लिए उम्मीदवारों का भाजपा द्वारा चयन किया जाना था। कार्यवाहक ब्लॉक प्रमुख राहुल शाक्यवार व मोहित दोहरे को लेकर भाजपा दो गुटों में बट गई थी और आपस में दोनों पक्षों के सदस्यों द्वारा शक्ति प्रदर्शन होने लगा था। लेकिन भाजपा की इस आंतरिक प्रतिद्वंदिता का पटाक्षेप भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने माधौगढ़ ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मोहित दोहरे को भाजपा का प्रत्याशी घोषित करके कर दिया। फिर भी संभावना जताई जा रही थी कि कहीं न कहीं कोई क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर सकता है। मगर नामांकन की तिथि 20 अगस्त को ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी मोहित दोहरे ने भारत सरकार के पूर्व मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष बृजभूषण सिंह मुन्नू, जगदीश तिवारी पूर्व जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के प्रतिनिधि अरविंद सिंह चौहान के साथ विकास खंड माधौगढ़ कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन का समय व्यतीत हो जाने के बाद किसी अन्य सदस्य द्वारा नामांकन पत्र दाखिल न करने के कारण चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गया और मोहित दोहरे को निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुन लिया गया। मोहित दोहरे के निर्विरोध चुनने के बाद उनका भाजपाइयों ने माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख मोहित दोहरे द्वारा क्षेत्रीय लोगों का आभार करते हुए आश्वासन दिया कि वह अपने पिता के आदर्शों पर चलते हुए क्षेत्रीय लोगों की जन भावनाओं के अनुरूप जन सेवा करने का प्रयास करूंगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा / दीपक वरुण / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर