24 मार्च से 14 अप्रैल तक भाजपा संगठन चलाएगा विशेष अभियान : प्रकाश पाल

--सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा

कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। भाजपा उत्तर प्रदेश संगठन द्वारा 24 मार्च से 14 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दी।

उत्तर प्रदेश के उत्थान, उन्नति एवं जनकल्याण के लिए समर्पित भारतीय जनता पार्टी सरकार के सफलतापूर्वक आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की। जिसमें क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं मॉनिटरिंग टीम के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रकाश पाल ने बताया कि 25 मार्च को सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेंगे। 27 मार्च को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभाओं में जनप्रतिनिधिगण प्रेस वार्ता करेंगे। योजनाओं की प्रदर्शनी एवं लाभार्थी मिलन 25-27 मार्च तक किया जाएगा।

सरकार द्वारा आयोजित लाभार्थी मिलन, वन जिला, वन प्रोडक्ट स्टॉल, निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा एवं योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिससे आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलेगी। 28 से 30 मार्च को भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाएंगे। 30 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता बूथों पर जाकर सुनेंगे और इसके बाद घर-घर सम्पर्क अभियान में सम्मिलित होंगे।

छह अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस मनाया जाएगा और इसी दिन घर-घर सम्पर्क अभियान का दूसरा चरण प्रारम्भ होगा। 14 अप्रैल को सभी बूथों पर डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे और उनके विचारों पर गोष्ठी का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर