भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण अभियान शुरू, कार्यकर्ताओं को संगठन और विचारधारा का दिया गया पाठ

कार्यक्रम

सुपौल, 23 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद मुख्य रूप से शामिल हुए।

इस दौरान पार्टी के नए और पुराने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति करने वाला दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी हर वर्ष प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करती है, ताकि कार्यकर्ताओं को संगठन के मूल सिद्धांतों, कार्य संस्कृति और सामाजिक दायित्वों से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा और नए लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। ऐसे में उन्हें पार्टी की सोच, कार्यपद्धति और जनसेवा के उद्देश्य से परिचित कराना जरूरी हो जाता है। प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की भी सीख देता है।

डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करते हैं और प्रशिक्षण अभियान उन्हें और अधिक सक्रिय एवं सक्षम बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी समाजहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देती है, यही वजह है कि आम लोगों का भरोसा लगातार भाजपा के प्रति बढ़ रहा है।

प्रशिक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों को लेकर भी चर्चा की गई। विभिन्न सत्रों में नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल और जनसंपर्क को लेकर मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, विधायक नीरज सिंह बबलू ,पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, संतोष प्रधान, रामकुमार राय, कुणाल ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर