झांसी में तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा, हर घर तिरंगा फहराने का संकल्प

झांसी, 07 अगस्त (हि.स.)। स्वाधीनता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में भाजपा तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है। हर घर तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर तक समितियां गठित कर भाजपाईयों ने कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए झांसी महानगर के भाजपा कार्यालय में बुधवार को आयोजित की गई बैठक में सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।

भाजपा के झांसी महानगर कार्यालय में आयोजित की गई पत्रकार वार्ता में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री सतविलास शिवहरे, क्षेत्रीय महामंत्री सुधीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता और पदाधिकारी 11,12,13 अगस्त 2024 को प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 12,13,14 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमा एवं वीर सपूतों के स्मारकाें के आस पास स्वच्छता के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर संगोष्ठी आदि आयोजित होंगी। 15 अगस्त को सरकारी गैर सरकारी अर्द्ध सरकारी शैक्षिक संस्थानों आदि पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। हर घर तिरंगा के माध्यम से भाजपा राष्ट्रवाद की अलख जगायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात की कार्यक्रम के 112वें संस्करण में हर घर तिरंगा अभियान से हर एक नागरिक को जोड़ने का आव्हान किया है। इस दौरान महानगर जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार, मीडिया प्रभारी सौरभ मिश्रा, प्रियांशु डे, मन्नी सरदार आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर