मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएगी भाजपा : शिवराम सिंह
- Admin Admin
- Jun 06, 2025

कानपुर, 06 जून (हि. स.)। मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय है। इन्हें मंडल, शक्ति केंद्र और बूथों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। विकसित भारत का अमृत काल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर केंद्रित अभियान 9 से 21 जून तक चलेगा। पार्टी कार्यकर्ता मोदी सरकार की उपलब्धियों वाला पत्रक लेकर घर घर पहुंचेंगे। यह बातें शुक्रवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने केशव नगर स्थित दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिला पदाधिकारियों व मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करते हुए कही।
जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि 11 जून को केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी व प्रबुद्ध समागम आयोजित किया जाएगा। नौ जून से नौ जुलाई के बीच बदलता भारत मेरा अनुभव पर आधारित डिजिटल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 12 से 14 जून तक विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन प्रत्येक मंडल में होगा। 15 से 17 जून तक दक्षिण जिले सभी 169 शक्तिकेंद्रों पर मोहल्ला चौपाल लगाई जाएगी। इन चौपालों में ही आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। मंडल स्तर पर विधायक, महापौर, जिला एवं मोर्चा पदाधिकारी तथा प्रत्येक शक्तिकेंद्र पर मंडल से ऊपर के पदाधिकारी प्रवास करेंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के लिए दक्षिण जिले में गणेश शुक्ला को संयोजक एवं अर्जुन बेरिया, शिवम मिश्रा व संजीव बेरी को सह संयोजक बना कर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रमुख रूप से रघुनंदन भदौरिया, कौशल किशोर दीक्षित, राम बहादुर यादव, विनोद मिश्रा, जसविंदर सिंह, अनुराग शुक्ला, राजन चौहान, तेज बहादुर यादव, वीरेंद्र दिवाकर, वंदना गुप्ता, अर्चना आर्या, शिवपूजन सविता, बिट्टू परिहार, दीपांकर मिश्रा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद