गन्ना समितियों के चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत, 8 में 7 पदों पर लहराया परचम

देहरादून, 5 जुलाई (हि.स.)। गन्ना समिति चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के 8 पदों में से 7 पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। निर्विरोध 7 सदस्यों के चयन पर भाजपा में खुशी का माहौल है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी निर्वाचक मंडलों का आभार व्यक्त किया हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत धामी सरकार के प्रति किसानों के अटूट विश्वास का नतीजा है।

भारतीय जनता पार्टी के मझोला खटीमा सहकारी गन्ना समिति अध्यक्ष पद पर बलविंदर सिंह, सहकारी गन्ना समिति सितारगंज जनरैल सिंह, हल्द्वानी प्रताप सिंह सिद्दू, देहरादून दिनेश चौहान, लक्सर अनुराग चौधरी, ज्वालापुर ममता देवी और लिब्बारेडी हरिद्वार से नीतू राठी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। जीत पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार और धामी सरकार ने किसानों की बेहतरी के लिए अनेकों ऐतिहासिक कदम उठाए है, जिससे उनकी जीवन स्तर में परिवर्तन आ रहा है।

भाजपा सरकार ने किसानों को न्यूनतम दरों पर कृषि ऋण, किसान क्रेडिट और सॉयल कार्ड, काला बाजारी पर लगाम लगाकर प्रयाप्त यूरिया उपलब्ध कराना, उन्नत किस्म के बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध करवाए है। भाजपा सरकार ने गन्ने के न्यूनतम समर्थन मूल्यों में वृद्धि के साथ ही गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर बकाया के बैकलॉग को समाप्त किया। यही वजह है कि गन्ना समितियों के अध्यक्ष पदों पर भाजपा प्रत्याशियों की शानदार जीत हुई। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने नव चयनित सभी अध्यक्षों को शुभकानाएं दी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद पोखरियाल

   

सम्बंधित खबर