भारतीय किसान संघ प्रदेश कार्यकारिणी चुनाव : चौहान प्रदेश अध्यक्ष व तुलछाराम निर्विरोध प्रदेश महामंत्री चुने गए

प्रदेश प्रतिनिधि सभा

-तीन वर्ष का होगा कार्यकाल, किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्ताव भी किए पारित

जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय किसान संघ की राजस्थान प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव 19 अक्टूबर को पाथेय भवन में राष्ट्रीय अध्यक्ष बद्रीनारायण चौधरी की अध्यक्षता व सह संगठन मंत्री गजेन्द्रसिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदेश प्रतिनिधि सभा में सम्पन्न हुए।

इस दौरान प्रवीण सिंह चौहान निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने गए वही तुलछाराम सिंवर निर्विरोध प्रदेश महामंत्री चुने गए। चुनाव अधिकारी व अखिल भारतीय कार्यकारी अध्यक्ष व चुनाव अधिकारी रामभरोस बसोतिया द्वारा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दलाराम बटेसर द्वारा वर्तमान प्रदेश कार्यकारिणी को भंग घोषित करने के पश्चात अध्यक्ष व महामंत्री के लिए चुनाव प्रक्रिया आरम्भ की गई। इसमें सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनाव सम्पन्न होने के पश्चात प्रवीण सिंह चौहान को प्रदेश अध्यक्ष व तुलछाराम सिंवर को प्रदेश महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई।

इसमें विनोद धारणिया, छोगालाल सैनी, राम मूर्ति मीणा को प्रदेश उपाध्यक्ष, रघुनाथ सिंह, प्रो चंद्रावती, हरिराम मांजू को प्रदेश मंत्री, वीरेंद्र सिंह चौधरी को प्रदेश कोषाध्यक्ष, दलाराम बटेसर को सीमा क्षेत्र प्रमुख, प्रेमसिंह बेनीवाल मंडी व विपणन, शिवराज पूरी को अभिलेखाकार व राजस्व प्रमुख, बद्रीलाल जाट अफीम आयाम प्रमुख, सुहास मनोहर को एग्रो इकॉनोमिक सेंटर प्रमुख, करण सिंह को कार्यालय प्रमुख, राजीव दीक्षित को प्रचार प्रमुख, रामा जी महिला प्रमुख, प्रह्लाद नागर को जैविक प्रमुख, डॉ लोकेश गुप्ता को युवा प्रमुख, डॉ राजेन्द्र बाबू दुबे बीज प्रमुख, रामकुमार खिलेरी पर्यावरण प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रदेश प्रतिनिधि सभा को अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह व अखिल भारतीय अध्यक्ष बद्रीनारायण चौधरी ने सबोधित किया।

इस दौरान अखिल भारतीय महिला प्रमुख मंजू दीक्षित, जोधपुर प्रांत अध्यक्ष माणक राम परिहार, महामंत्री विजय सिंह घिंटाला, चित्तौड़ प्रान्त अध्यक्ष शंकरलाल नागर, महामंत्री अम्बालाल शर्मा, जयपुर प्रान्त अध्यक्ष कालूराम बागड़ा, महामंत्री सांवरमल सोलेट, चित्तौड़ प्रांत संगठन मंत्री परमानंद, जोधपुर प्रांत संगठन मंत्री हेमराज, सीकर संभाग नीरजकुमार सहित तीनों प्रान्तों की प्रान्त कार्यकारिणी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भारतीय किसान संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के गठन से पूर्व राजस्थान में संगठन की ओर से चले सदस्यता अभियान में 15 लाख 40 हजार किसानों को सदस्य बनाया तथा प्रदेश की 546 में से 460 तहसीलों व 50 में से 47 जिलो में जिला कार्यकारिणियों, चित्तौड़, जयपुर व जोधपुर प्रान्त के चुनाव सम्पन्न होने व 9 संभागों की कार्यकारिणी गठित हो चुकी है। भारतीय किसान संघ की प्रदेश इकाई द्वारा राजस्थान की सभी 11300 ग्राम पंचायतों में आगामी एक वर्ष में सक्रिय ग्राम समितियों के गठन का संकल्प किया गया। इसके माध्यम से प्रदेश के किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की योजना तैयार की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर