सीडीओ ने शमसाबाद बीडीओ का वेतन रोका

फर्रुखाबाद, 13 मई (हि.स.) । फर्रुखाबाद जिले के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने सरकारी कामकाज में लापरवाही और अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए शमसाबाद के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राधेश्याम का वेतन रोक दिया है। यह कार्रवाई बीडीओ के ब्लॉक मुख्यालय पर निवास न करने और कार्यालय में समय पर उपस्थित न होने के कारण की गई है। प्रशासन ने उन्हें तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का अल्टीमेटम भी जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक, शमसाबाद के खंड विकास अधिकारी राधेश्याम को ब्लॉक मुख्यालय के सरकारी आवास में रहना चाहिए, लेकिन वह वहां न रहकर जिला मुख्यालय पर अपना आवास बनाए हुए हैं। इस वजह से उनका ब्लॉक मुख्यालय का आवास खाली पड़ा रहता है। इसके अतिरिक्त, उनके समय पर कार्यालय न पहुंचने की बात भी सामने आई थी।

इस लापरवाही का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने बुधवार को एक आधिकारिक पत्र जारी किया। इस पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि सुबह 10 बजे के निर्धारित समय पर बीडीओ अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। प्रशासन ने इसे शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही, उदासीनता और शासन के आदेशों की सीधी अवहेलना माना है।

मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक खंड विकास अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। उनका कहना है कि यह सख्त कदम सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

सीडीओ ने बीडीओ राधेश्याम को इस पूरे मामले में अपना पक्ष रखने के लिए तीन दिन का समय दिया है। पत्र में सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो प्रशासन उनके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर