बर्नपुर में भारतीय मजदूर संघ का विशाल श्रम अधिकार कन्वेंशन, हजारों संविदा कर्मियों ने भरी हुंकार
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
पश्चिम बर्दवान, 07 जून (हि. स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के बर्नपुर कार्यालय में रविवार को एक विशाल श्रम अधिकार कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कन्वेंशन में विभिन्न विभागों के हजारों संविदा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रमिक हितों और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुई। इस अवसर पर बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के महामंत्री संजीत प्रसाद ने संविदा कर्मचारियों को संविधान और श्रम कानूनों द्वारा प्रदत्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए शोषण के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
संघ के उपाध्यक्ष पार्थ चटर्जी ने संविदा कर्मियों के साथ हो रहे कथित छल, वेतन कटौती और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वहीं, अध्यक्ष महेश बनर्जी ने नए श्रम संहिता (लेबर कोड) 2020 के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि कानून मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए पर्याप्त है, आवश्यकता केवल जागरूकता और उसके सही क्रियान्वयन की है।
बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के सचिव श्रीकांत साह ने विभिन्न प्लांटों में लागू वेतन संरचना, भत्तों और सुरक्षा सुविधाओं में मौजूद विसंगतियों पर प्रकाश डाला। संघ के महामंत्री संजीत बनर्जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रबंधन संविदा कर्मियों की जायज मांगों की अनदेखी करता है तो भारतीय मजदूर संघ आंदोलन करेगा।
---------------

