बारुईपुर, 29 मई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के सियालदह दक्षिण शाखा के बारुईपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को हॉकर्स हटाने को लेकर भारी तनाव फैल गया। लंबे समय से स्टेशन परिसर में कई हॉकर्स अपना व्यवसाय चला रहे हैं। अन्य स्टेशनों की तरह बारुईपुर स्टेशन से भी हॉकर्स को हटाने की पहल रेलवे प्रशासन की ओर से की गई।
इसी क्रम में शुक्रवार दोपहर रेलवे के अधिकारी रेलवे पुलिस को साथ लेकर स्टेशन परिसर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने पहुंचे। आरोप है कि अभियान के दौरान एक दुकान तोड़े जाने के बाद हॉकर्स भड़क उठे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हॉकर्स का कहना है कि बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए उन्हें जबरन हटाया नहीं जा सकता। उनका दावा है कि वर्षों से स्टेशन पर दुकान लगाकर ही उनके परिवार का पालन-पोषण हो रहा है। अचानक दुकानें हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हॉकर्स और उनके समर्थक स्टेशन परिसर में जमा हो गए। स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बन गई। हॉकर्स के समर्थन में माकपा (सीपीएम) भी आंदोलन में शामिल हो गई। पार्टी की ओर से कहा गया कि वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना किसी भी हालत में हॉकर्स को नहीं हटाया जाना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के चलते फिलहाल अतिक्रमण हटाने का अभियान रोक दिया गया है। बाद में रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन मास्टर के कक्ष में बैठक की। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त रेलवे पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि हॉकर्स के भविष्य को लेकर अनिश्चितता अब भी बनी हुई है।
---------------

