चुनाव जीतने की असली ताकत बूथ स्तर की मजबूत तैयारी से ही आती : चौधरी भूपेंद्र सिंह

मुरादाबाद, 23 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुरादाबाद महानगर का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शनिवार को बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाऊस में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने प्रदर्शनी का उदघाटन किया। प्रदर्शनी के बाद उद्घाटन सत्र में कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन विषय पर चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने की असली ताकत बूथ स्तर की मजबूत तैयारी से ही आती है। इसके साथ उन्होंने प्रशिक्षण में यह संदेश दिया गया कि कार्यकर्ताओं का आचरण ही पार्टी की छवि बनाता है। इसलिए लोगों से सकारात्मक और संयमित व्यवहार जरूरी है।

चौधरी भूपेंद्र सिंह ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की ओर से प्रतिपादित एकात्म मानववाद आज भी भाजपा की विचारधारा और कार्यशैली का मूल आधार है।द्वितीय सत्र में वैचारिक अधिष्ठान विषय पर पुष्कर मिश्रा ने कहा कि राष्ट्र उत्थान के लिए वैचारिक स्तर पर कार्य करने वाले सभी संगठन हमारे व्यापक विचार परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समन्वय सेवा राष्ट्र निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

तृतीय सत्र में विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान ने कार्यकर्ता विकास विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता का निर्माण बहुत आवश्यक है। कार्यकर्त्ता निर्माण एक सतत प्रक्रिया है। इसे धैर्य और संवेदनशीलता से करना होता है। चतुर्थ सत्र में विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने कार्य पद्धति विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्त्ता संगठन का आधार है। कार्यकर्ता के मन में हमेशा यह भाव रहना चाहिए कि तेरा वैभव अमर रहे माँ हम दिन चार रहे न रहे।

   

सम्बंधित खबर