नालंदा में मज़दूरों से भरी बस हाईटेंशन तार के संपर्क में आई, पति-पत्नी की मौत

नालंदा/बिहारशरीफ, 17 जून (हि.स.)। नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से मजदूरों से भरी एक बस में करंट फैल गया। हादसे में एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री झुलस गए।

पुलिस के अनुसार, ‘गौरव’ नामक दो मंजिला बस मजदूरों को लेकर वेणियां जिले से नालंदा जिले के घोसरामा गांव जा रही थी। इसी दौरान पावापुरी स्थित शंभुशरण मंदिर के समीप बस अचानक 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गई। करंट प्रवाहित होने से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों के अनुसार, बस में सवार लगभग 35 से 40 मजदूर करंट की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में राजेंद्र मांझी के पुत्र रूद्र मांझी और उनकी पत्नी कालों देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पावापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।

वहीं, घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए पावापुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस किस परिस्थिति में हाईटेंशन तार की चपेट में आई। साथ ही विद्युत विभाग और अन्य संबंधित पक्षों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

----------

   

सम्बंधित खबर