मिलर स्कूल को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया जाए : मुख्यमंत्री

पटना, 27 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना स्थित देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे राज्य के एक आदर्श (मॉडल) विद्यालय के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं और अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने शहीद देवीपद चौधरी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्हें विद्यालय में स्थापित स्मार्ट स्टीम, रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब की गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

मुख्यमंत्री कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में बातचीत की। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों से विद्यालय को मॉडल स्कूल बनाने के लिए सुझाव भी लिए और कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना, प्रयोगशालाओं का सुदृढ़ीकरण, पुस्तकालय का विस्तार, खेल सुविधाओं का उन्नयन तथा परिसर का सौंदर्यीकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन शाम पांच बजे से आठ बजे तक विशेष अध्ययन एवं शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जाएं। साथ ही मिलर स्कूल मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है। विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की उपलब्धता से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी और वे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।--------------

   

सम्बंधित खबर