‘कला संवाद’ पुस्तिका का विमोचन, बिहार की कला-संस्कृति के प्रचार-प्रसार को मिलेगा बढ़ावा

पटना (29 मई, हि.स.)। बिहार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से प्रकाशित त्रैमासिक पुस्तिका ‘कला संवाद’ (द्वितीय अंक) का शुक्रवार को विभागीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रकाशन राज्य की कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि ‘कला संवाद’ को प्रत्येक तीन माह पर नियमित रूप से प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तिका विभाग और कला प्रेमियों के बीच एक प्रभावी संवाद का माध्यम बनेगी।

मंत्री ने कहा कि ‘कला संवाद’ कलाकारों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। इसके माध्यम से विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की नियमित एवं प्रमाणित जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस पुस्तिका में कला एवं संस्कृति विभाग से जुड़े कार्यक्रमों, गतिविधियों, योजनाओं तथा महत्वपूर्ण आयोजनों की विस्तृत जानकारी शामिल की गई है। विभाग से संबंधित व्यवस्थित और प्रामाणिक साहित्य की कमी को देखते हुए यह पहल की गई है।

मंत्री ने आगे कहा कि यह प्रकाशन बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर मंत्री ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक प्रयास सांस्कृतिक क्षेत्र को नई दिशा देने में सहायक होते हैं।----------

   

सम्बंधित खबर