ईओडब्ल्यू कश्मीर ने बहरीन में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ की चार्जशीट दाखिल
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
श्रीनगर, 03 जुलाई (हि.स.)। इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू), कश्मीर ने शुक्रवार को श्रीनगर के एक व्यक्ति के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। उस पर बहरीन में नौकरी दिलाने का वादा करके और नकली वीज़ा, जॉब ऑफर लेटर और यात्रा से जुड़े अन्य फर्जी दस्तावेज़ देकर कई नौकरी चाहने वालों से लाखों रुपये ठगने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू द्वारा जारी एक बयान में एक प्रवक्ता ने कहा कि इकोनॉमिक ऑफेंस विंग कश्मीर क्राइम ब्रांच जम्मू कश्मीर ने प्राथमिकी नंबर 67/2021 के तहत धारा 420, 468 और 471 आरपीसी के तहत फयाज़ अहमद ज़रगर पिता मो. शफ़ी ज़रगर निवासी कुतुब दीन पोरा, आली कदल, जामिया मस्जिद, श्रीनगर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाज़ी के अपराधों के लिए श्रीनगर के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। उन्होंने कहा कि यह मामला एक लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
प्रवक्ता ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने इसी तरह शिकायतकर्ता और कई अन्य लोगों को ठगा था उनसे लाखों रुपये लिए थे और उन्हें नकली जॉब ऑफर लेटर, वीज़ा, एयर टिकट और अन्य फर्जी दस्तावेज़ दिए थे। इस योजना को विश्वसनीय बनाने के लिए पीड़ितों के ऑनलाइन इंटरव्यू और मेडिकल जांच कराई गई और उनसे एग्रीमेंट भी करवाए गए। हालांकि कोई नौकरी नहीं दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान आरोप सही पाए गए और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद न्यायिक फैसले के लिए सक्षम अदालत के समक्ष चार्जशीट पेश की गई।
आम जनता को सलाह दी गई है कि वे आर्थिक धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी घटना की सूचना एसएसपी, ईओडब्ल्यू कश्मीर, क्राइम ब्रांच जम्मू कश्मीर को दें।
---------------

